गर्मी की बारिश
गर्मी की है पहली बारिश,
चिंकी और चुन्नू की गुज़ारिश ।
अम्मा हमको खेल लेन दो,
बारिश में तनिक भीग लेन दो,
हम ऊधम नहीं मचायेंगे,
बस थोड़ी देर नहायेंगे,
पानी मे नाव चलायेंगे,
छप-छप पानी छपकायेंगे।
न-न बिटवा नहीं-नहीं,
बारिश में भीगना नहीं,
सर्दी जुकाम हो जायेंगे,
फिर तुमको बड़ा सतायेंगे।
पर चिंकी और चुन्नू दो बच्चे,
मन के अच्छे सच्चे बच्चे,
बोले- अम्मा मेरी प्यारी अम्मा,
हम दोनों दो छोटे बच्चे,
कितनी देर नहायेंगे ?
पल में जाकर, वहाँ खेलकर,
पल भर में आ जायेंगे।
अम्मा को फिर दया आ गयी,
बच्चों की भी बांछें खिल गयीं।
अम्मा तब बोलीं बच्चों से-
उधम नहीं मचाना बच्चों,
थोड़ी देर नहाना बच्चों,
पानी मे नाव चलाना बच्चों,
छप-छप पानी छपकाना बच्चों।
गर्मी की है पहली बारिश....
- अच्युत शुक्ल
No comments:
Post a Comment